23 साल से कांवड़ ला रहे रामफल का अनोखा संकल्प, बोले- अगले जन्म में भी नहीं करनी शादी

बागपत। कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश के बागपत में एक शिवभक्त अपने अनोखे संकल्प को लेकर चर्चा में हैं। हरियाणा निवासी 60 वर्षीय रामफल पिछले 23 वर्षों से लगातार हरिद्वार से गंगाजल लाकर कांवड़ यात्रा कर रहे हैं।
रामफल ने आजीवन अविवाहित रहने का संकल्प लिया है। उनका कहना है कि विवाह से जुड़ी परेशानियों और रिश्तों में टूटते विश्वास को देखकर उन्होंने शादी न करने का निर्णय लिया। उनका मानना है कि अकेले रहकर भगवान शिव की भक्ति करना ही उनके जीवन का उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि जब तक जीवन है, हर वर्ष कांवड़ यात्रा करते रहेंगे। इतना ही नहीं, वे भगवान शिव से प्रार्थना करते हैं कि अगले जन्म में भी उन्हें विवाह के बंधन में न बंधना पड़े। रामफल के शब्दों में, “हे भोले बाबा, मुझे शादी के झंझट से दूर रखना।”
हरिद्वार से गंगाजल लेकर भडल मार्ग के जरिए बागपत पहुंचे रामफल का यह संकल्प अब कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। जहां कुछ लोग उनके विचारों पर आश्चर्य जता रहे हैं, वहीं कई श्रद्धालु इसे उनकी व्यक्तिगत आस्था और जीवन का निर्णय मानते हैं।