प्रतापगढ़ में भीषण हादसा: जर्जर मकान ढहा, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, एक गंभीर घायल

प्रतापगढ़। नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले में गुरुवार तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। लगातार हो रही बारिश के बीच एक जर्जर दो मंजिला मकान का हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे एक ही परिवार के छह लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के समय घर में एसी लगे होने के कारण परिवार के सभी सदस्य एक ही कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात मकान का कमजोर हिस्सा भरभराकर गिर गया और सभी लोग मलबे में दब गए।
इस हादसे में प्रमोद श्रीवास्तव, उनकी पत्नी रीता श्रीवास्तव, पुत्र नितिन श्रीवास्तव, बहू माधुरी श्रीवास्तव तथा दो मासूम बच्चों माधो और अद्विक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। परिवार का बड़ा बेटा अमन श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और राहत टीम ने करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान में मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकाला। सभी सात लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने छह को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल का इलाज जारी है।
प्रारंभिक जांच में लगातार बारिश को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है, जिससे पहले से जर्जर मकान का हिस्सा कमजोर होकर ढह गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों में भय और दहशत का माहौल है। प्रशासन ने नागरिकों से जर्जर भवनों में रहने से बचने और बारिश के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।