महिला से चेन स्नैचिंग का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार


जौनपुर। शहर कोतवाली पुलिस ने मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से सोने की चेन छीनने की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और ₹7400 नकद बरामद किए हैं, जबकि दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई की सुबह ताड़तला निवासी दमयंती सिंह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर पर शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि वारदात में शामिल दोनों आरोपी जनपद आजमगढ़ के निवासी हैं। गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अनीता सिंह के नेतृत्व में पुरानी बाजार चौकी प्रभारी सुनील कुमार यादव एवं सिपाह चौकी प्रभारी आलोक तिवारी की टीम ने राजा पोखरा क्षेत्र में घेराबंदी कर जितेंद्र उर्फ जीतू पुत्र शिवनाथ निवासी करथौली, थाना दीदारगंज, जनपद आजमगढ़ को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि छीनी गई सोने की चेन को बेच दिया गया था और उससे प्राप्त रकम दोनों आरोपियों ने आपस में बांट ली थी। पुलिस ने आरोपी के पास से ₹7400 नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights