कांवड़ियों पर विवादित टिप्पणी को लेकर सियासत गरम, मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ तहरीर


लखनऊ। कांवड़ यात्रा को लेकर दिए गए विवादित बयान के बाद सियासी माहौल गरमा गया है। लोनी (गाजियाबाद) से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए हजरतगंज थाने में तहरीर दी है। विधायक ने आरोप लगाया कि मौलाना द्वारा कांवड़ियों को “नशेड़ी आतंकवादी” कहना न केवल आपत्तिजनक है, बल्कि इससे धार्मिक भावनाएं भी आहत हुई हैं।
भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर स्वयं हजरतगंज थाने पहुंचे और इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को लिखित शिकायत सौंपी। उन्होंने मांग की कि मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और उन्हें गिरफ्तार किया जाए। साथ ही उन्होंने इस मामले में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत भी कार्रवाई करने की मांग उठाई।
इस बयान के सामने आने के बाद विभिन्न संगठनों और हिंदू संगठनों में आक्रोश देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी यह मुद्दा तेजी से ट्रेंड कर रहा है और लोग कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि इस तरह की भाषा सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ सकती है।
वहीं, प्रशासन की ओर से फिलहाल मामले की जांच की बात कही जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार तहरीर के आधार पर कानूनी पहलुओं की समीक्षा की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कांवड़ यात्रा के दौरान इस तरह के विवादित बयान से प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आगे क्या कदम उठाती है और क्या सच में मौलाना के खिलाफ सख्त कार्रवाई होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights