गोरखपुर के शिवकुमार तिवारी हत्याकांड पर आक्रोश, हत्यारों के एनकाउंटर की मांग

मऊ। गोरखपुर के सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली खुर्द गांव में बिजली विभाग के ठेकेदार शिवकुमार तिवारी की दिनदहाड़े हुई हत्या के बाद आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मामले में ब्राह्मण विकास परिषद मऊ ने शासन-प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
परिषद के प्रिंट मीडिया प्रभारी एवं अधिवक्ता सतीश कुमार पांडेय ने हत्याकांड की निंदा करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थान पर हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
परिषद ने सरकार से मांग की है कि हत्याकांड में शामिल आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। संगठन ने मुख्य आरोपियों के साथ साजिश में शामिल लोगों पर एनएसए के तहत कार्रवाई और दोषियों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की भी मांग उठाई है।
इसके अलावा परिषद ने मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने तथा उनके पुत्र, जो पेशे से अधिवक्ता हैं, सहित अन्य परिजनों को जान-माल के खतरे को देखते हुए 24 घंटे सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
अधिवक्ता सतीश कुमार पांडेय ने कहा कि शिवकुमार तिवारी की हत्या बेहद हृदयविदारक और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना संगठन की प्राथमिकता है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई और परिवार को सुरक्षा व सहायता नहीं मिली तो संगठन आंदोलन करेगा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं, ब्राह्मण विकास परिषद ने आरोपियों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई की मांग दोहराते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।