चंदौसी में इंस्टाग्राम पर पाकिस्तानी झंडे का स्टेटस लगाने का आरोप, पुलिस पहुंची घर


चंदौसी। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी झंडे की तस्वीर वाला कथित स्टेटस लगाए जाने का मामला सामने आया है। मामला कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर डाल का बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, गांव निवासी तालिब खान के इंस्टाग्राम अकाउंट से 15 अगस्त को पाकिस्तानी झंडे की तस्वीर वाला स्टेटस पोस्ट किया गया था। बताया गया कि स्टेटस के साथ देशभक्ति गीत भी बज रहा था। सोशल मीडिया पर स्टेटस वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।
युवक के घर पहुंची पुलिस
कुढ़ फतेहगढ़ थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपी युवक के घर पहुंचकर जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा के मुताबिक, पुलिस टीम करीब दोपहर दो बजे तालिब के घर पहुंची, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं मिला।
घर पर उसके पिता मिले। पूछताछ में उन्होंने बताया कि तालिब रोजी-रोटी के लिए दिल्ली में रहता है, जहां वह मूंगफली बेचने के साथ मौसम के अनुसार मजदूरी भी करता है। पिता ने पुलिस को बताया कि उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए उक्त स्टेटस की जानकारी नहीं थी।
पुलिस ने हटवाया कथित स्टेटस
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित विवादित स्टेटस को हटवा दिया गया है। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच और उच्चाधिकारियों के निर्देश के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights