लोहिया पार्क में लगेगा रंगीन म्यूजिकल फाउंटेन, रोशनी से जगमगाएगा परिसर

जौनपुर, 26 अगस्त। लोहिया पर्यावरणीय उद्यान पार्क के सौंदर्यीकरण और विकास को लेकर उद्यान विकास समिति की बैठक जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय में आयोजित की गई। उप निदेशक उद्यान, वाराणसी मंडल दिग्विजय भार्गव की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्क को आकर्षक बनाने और आगंतुकों की सुविधाएं बढ़ाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में पार्क में रंगीन म्यूजिकल फाउंटेन और सेल्फी प्वाइंट बनाने का निर्णय लिया गया। पार्क की दीवारों पर ऐतिहासिक पेंटिंग कराई जाएगी। वाटर पाम और तिरंगा पोल पर पिक्सल पट्टा लाइट लगाई जाएगी। इसके अलावा पार्क के बाहर स्ट्रीट लाइट लगाने और खराब हो रहे तिरंगा पोल की पेंटिंग कराने के निर्देश दिए गए।
पार्किंग की समस्या को देखते हुए नगर पालिका और पुलिस की मदद से पार्क के बाहर निर्धारित पार्किंग स्थल चिन्हित किया जाएगा। अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। जिम और झूलों की जरूरत के अनुसार मरम्मत कराने के साथ पार्क की स्वच्छता और रख-रखाव व्यवस्था बेहतर करने पर भी जोर दिया गया।
प्रवेश शुल्क होगा अनिवार्य
समिति के अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि पार्क में आने वाले प्रत्येक आगंतुक से सुबह और शाम प्रवेश शुल्क लिया जाए। हालांकि 70 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों, पत्रकारों, राजनेताओं, दिव्यांगों, सेवानिवृत्त सैनिकों तथा माता-पिता के साथ आने वाले 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को प्रवेश शुल्क से छूट दी जाएगी। पार्क में नियमित रूप से आने वाले लोगों के लिए पास जारी करने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में जिला उद्यान अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, क्षेत्राधिकारी नगर के प्रतिनिधि, थाना प्रभारी लाइन बाजार, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, समिति सदस्य अंजना सिंह सहित अन्य सदस्य और विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।