वाजिदपुर में क्षतिग्रस्त इंटरलॉकिंग का डीएम ने लिया जायजा, जल्द मरम्मत के निर्देश


जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने बुधवार को वाजिदपुर दक्षिणी स्थित वाजिदपुर तिराहे के पास सेंट थॉमस कोचिंग के सामने आशा दीप इलेक्ट्रॉनिक्स से अवधेश श्रीवास्तव के मकान तक बनी इंटरलॉकिंग सड़क और नाली का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षतिग्रस्त मार्ग की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि उक्त इंटरलॉकिंग सड़क और नाली का निर्माण डूडा विभाग, जौनपुर द्वारा करीब छह से आठ माह पूर्व कराया गया था। वर्तमान में अदाणी गैस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा गैस पाइपलाइन से संबंधित कार्य के दौरान कई स्थानों पर इंटरलॉकिंग सड़क और नाली की खुदाई कर दी गई, जिससे मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया। बताया गया कि यह कार्य डूडा विभाग से एनओसी लिए बिना किया गया।
डूडा विभाग की ओर से इंटरलॉकिंग क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में अदाणी गैस प्राइवेट लिमिटेड के विरुद्ध एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षतिग्रस्त इंटरलॉकिंग की शीघ्र मरम्मत कराकर मार्ग को पूर्व स्थिति में बहाल कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था या एजेंसी द्वारा सड़क, नाली अथवा अन्य सार्वजनिक संपत्ति को क्षतिग्रस्त किए जाने पर उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights