हनुमान घाट पर मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने चलाया स्वच्छता अभियान‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान में शामिल हुए राज्यमंत्री, बोले- दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं स्वच्छता

जौनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान चलाया गया। इसी क्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव ने हनुमान घाट पहुंचकर स्वच्छता अभियान में सहभागिता की।
इस दौरान मंत्री ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर जनपद के निर्माण के लिए स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ, स्वच्छ और सुव्यवस्थित समाज के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है।
मंत्री ने लोगों से स्वच्छ एवं सुंदर जौनपुर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता को लगातार बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
अभियान के दौरान नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन., मुख्य राजस्व अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।