झारखंड गठन के बाद की सबसे बड़ी सोना-नकदी डकैती! जमशेदपुर में केनरा बैंक में घुसे पांच हथियारबंद बदमाश, 23 किलो सोना और 43 लाख नकद लूटकर फरार

जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार को हथियारबंद अपराधियों ने केनरा बैंक की गोलमुरी शाखा में बड़ी डकैती को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। बताया जा रहा है कि पांच हथियारबंद बदमाश बैंक में घुसे और कर्मचारियों को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया।

अपराधी बैंक से करीब 23 किलोग्राम सोना, लगभग 600 पैकेट और 43 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। लूटे गए सोने की अनुमानित कीमत करीब 36 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इतनी बड़ी मात्रा में सोना और नकदी लूटे जाने की यह वारदात झारखंड गठन के बाद की सबसे बड़ी बैंक डकैतियों में बताई जा रही है। हालांकि, लूटी गई रकम और सोने की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights