अधिवक्ता की भूमि पर कब्जे के प्रयास से गरमाया मामला, एसपी से कार्रवाई की मांग अधिवक्ताओं ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, बाउंड्रीवाल तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने का लगाया आरोप

जौनपुर। अधिवक्ता की भूमि पर जबरन कब्जे के प्रयास का आरोप लगाते हुए दीवानी न्यायालय के अधिवक्ताओं ने पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की। अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन के अनुसार, मोहल्ला ईशापुर निवासी अधिवक्ता सागर वर्मा की भूमि मौजा केरारकोट, परगना हवेली, तहसील व जनपद जौनपुर में स्थित है। उक्त भूमि को लेकर दीवानी न्यायालय में वाद संख्या 1150/2006 विचाराधीन था। अधिवक्ताओं के मुताबिक, 18 मई 2026 को न्यायालय द्वारा उनके पक्ष में आदेश पारित किया गया था।

आरोप है कि न्यायालय के आदेश के बावजूद विपक्षी पक्ष द्वारा भूमि पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। ज्ञापन में बताया गया कि 24 सितंबर की रात करीब दो बजे कुछ लोगों ने कथित रूप से भूमि पर बनी बाउंड्रीवाल तोड़ दी। विरोध करने पर अधिवक्ता को जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

अधिवक्ताओं का कहना है कि घटना के संबंध में शहर कोतवाली में शिकायत दिए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से मुलाकात कर मामले में हस्तक्षेप की मांग की। अधिवक्ताओं ने भूमि से संबंधित दस्तावेजों और न्यायालय के आदेश के आधार पर निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल में संजय गुप्ता, आनंद देव तिवारी, आशीष शुक्ला, शैलेन्द्र पाल, राम देवल यादव, सैय्याद जैग़म जैदी इमरान, मासूम शाह, सूरज सेठ, दीपक यादव, मनीष यादव, शिवराज यादव, कुलदीप यादव, मोनू यादव, अंकित यादव समेत अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights