भारी बारिश और फ्लैश फ्लड के अलर्ट पर सीएम योगी सख्त डीएम को फील्ड में उतरकर राहत-बचाव कार्यों की निगरानी के निर्देश

लखनऊ। प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और आकस्मिक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) की आशंका को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आपदा की स्थिति में जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और प्रशासन हर स्तर पर पूरी तरह मुस्तैद रहे।
मुख्यमंत्री ने फ्लैश फ्लड की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा जलभराव और बाढ़ प्रभावित इलाकों की लगातार स्थिति पर नजर रखने को कहा है। उन्होंने जिलाधिकारियों को स्वयं फील्ड में उतरकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि जरूरतमंद लोगों तक तत्काल मदद पहुंचाई जा सके।
उन्होंने नदियों के जलस्तर की नियमित निगरानी करने तथा स्थिति बिगड़ने पर बिना किसी देरी के आवश्यक कदम उठाने को कहा। संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासनिक टीमों की सक्रियता बढ़ाने के साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फ्लैश फ्लड की आशंका वाले क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार स्कूलों को बंद रखने की कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। साथ ही झोपड़ियों, कच्चे मकानों और अन्य असुरक्षित स्थानों पर रह रहे लोगों को सुरक्षित राहत शरणालयों में पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत और बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो तथा प्रभावित लोगों को समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।