जौनपुर को फिर राज्यसभा में प्रतिनिधित्व की उम्मीद, विद्यासागर सोनकर बने भाजपा प्रत्याशी सभासद से सांसद और विधान परिषद सदस्य तक का सफर, अब उच्च सदन की ओर बढ़े सोनकर

जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश में होने वाले राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव के लिए वरिष्ठ भाजपा नेता विद्यासागर सोनकर को प्रत्याशी घोषित किया है। उनके प्रत्याशी बनाए जाने की खबर मिलते ही जौनपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। पार्टी कार्यकर्ताओं और जिले के लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
विद्यासागर सोनकर का राजनीतिक सफर जमीनी स्तर से शुरू होकर प्रदेश की राजनीति और संसद तक पहुंचा है। उन्होंने सभासद के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। इसके बाद लोकसभा सांसद और विधान परिषद सदस्य के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वह भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष और पूर्व प्रदेश महामंत्री भी रह चुके हैं।
संगठन में सोनकर ने जिला मंत्री से लेकर जिलाध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री तक की जिम्मेदारी संभाली। इसके अलावा पार्टी के विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों में प्रदेश स्तर पर दायित्व निभाने के साथ ही कई जिलों के प्रभारी के रूप में भी काम किया। लंबे समय तक संगठन से जुड़े रहने के कारण उन्हें जमीनी कार्यकर्ताओं से लेकर पार्टी के उच्च स्तर तक काम करने का व्यापक अनुभव है।
जौनपुर की राजनीति में जुड़ा एक और अहम पड़ाव
विद्यासागर सोनकर की पहचान जौनपुर के सक्रिय और अनुभवी भाजपा नेताओं में रही है। सभासद से शुरू हुआ उनका राजनीतिक सफर लोकसभा और विधान परिषद तक पहुंचा और अब भाजपा ने उन्हें राज्यसभा के लिए प्रत्याशी बनाकर उनके राजनीतिक सफर में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव जोड़ दिया है।
जौनपुर से इससे पहले सीमा द्विवेदी राज्यसभा सदस्य रह चुकी हैं। ऐसे में विद्यासागर सोनकर को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने को जिले के राजनीतिक प्रतिनिधित्व के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनके उच्च सदन में पहुंचने से जौनपुर और पूर्वांचल से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का अवसर मिलेगा।
सोनकर के राज्यसभा प्रत्याशी घोषित होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी और चुनाव में सफलता की शुभकामनाएं दीं।