राज्यसभा सांसद विद्यासागर सोनकर का 51 किलो की माला पहनाकर स्वागत, आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों से गूंजा रूहट्टा


जौनपुर प्रथम आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और सद्भावना मंच के सदस्यों ने किया अभिनंदन, मां शीतला का दर्शन कर पहुंचे सुक्खीपुर आवास

जौनपुर। राज्यसभा सांसद बनाए जाने के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद विद्यासागर सोनकर के जौनपुर में प्रथम आगमन पर शुक्रवार को जगह-जगह स्वागत और अभिनंदन किया गया। सद्भावना मंच के सदस्यों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर के रूहट्टा मोहल्ले में 51 किलो की विशाल माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों के बीच समर्थकों ने उनका अभिनंदन किया।

जानकारी के अनुसार, राज्यसभा सांसद विद्यासागर सोनकर शुक्रवार की शाम करीब सात बजे लखनऊ से जौनपुर पहुंचे। नगर के चांदपुर बालू मंडी के पास सैकड़ों की संख्या में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे खुली जीप में सवार होकर काफिले के साथ अपने आवास के लिए रवाना हुए। रास्ते में जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया।

रूहट्टा मोहल्ले में सद्भावना मंच के सदस्यों और भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी तथा ढोल-नगाड़ों के बीच 51 किलो की माला पहनाकर सांसद का अभिनंदन किया। स्वागत कार्यक्रम के दौरान समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सूर्य प्रकाश सिंह मुन्ना, नीरज सिंह, जिला मंत्री सुधांशु सिंह, जौनपुर सदर विधानसभा सीट से भाजपा की उम्मीदवारी कर चुके इंजीनियर कृष्ण कुमार जायसवाल एवं गौतम गुप्ता, पूर्व सभासद विनय सिंह, रोहित सिंह भारद्वाज, भूपेंद्र सिंह, नितिन सिंह, शरद शुक्ला, मोहिनीश शुक्ला, प्रमोद सिंह, रामकृष्ण पाठक, आदित्य सिंह निकुंभ, पंकज सिंह, अजय सिंह, राजेश श्रीवास्तव बच्चा भैया, कायस्थ महासभा के अध्यक्ष गिरिजेश श्रीवास्तव, अनिमेष सिंह, नीलमणि सिंह, निखिल सिंह, रजत सिंह, शुभम तिवारी और राघवेंद्र सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

स्वागत कार्यक्रम के बाद सांसद का काफिला पॉलिटेक्निक चौराहा, रूहट्टा, ओलांदगंज, कसेरी बाजार, चहारसू चौराहा, कोतवाली चौराहा और भंडारी होते हुए देर रात शीतला धाम चौकियां पहुंचा। यहां विद्यासागर सोनकर ने मां शीतला का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद वे सुक्खीपुर स्थित अपने आवास पहुंचे।

राज्यसभा सांसद के प्रथम आगमन पर नगर में विभिन्न स्थानों पर हुए स्वागत कार्यक्रमों के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण कर उनके प्रति अपना उत्साह व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights