सामाजिक न्याय और लोककल्याण के संदेशवाहक थे जयप्रकाश नारायण व महाराजा अग्रसेन: राकेश मौर्य सपा ने मनाई दोनों महापुरुषों की जयंती, विचार गोष्ठी में सामाजिक समानता और जनभागीदारी पर दिया जोर

जौनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार रविवार को समाजवादी पार्टी जौनपुर की ओर से जिला कार्यालय, सदर चुंगी, अल्फस्टीनगंज में संपूर्ण क्रांति के प्रणेता लोकनायक जयप्रकाश नारायण एवं महाराजा अग्रसेन की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके जीवन, संघर्षों और विचारों पर आयोजित विचार गोष्ठी में अपने विचार रखे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण और महाराजा अग्रसेन के विचार सामाजिक न्याय, जनभागीदारी एवं लोककल्याण की प्रेरणा देते हैं। जयप्रकाश नारायण ने संपूर्ण क्रांति के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों, जनशक्ति और व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव का संदेश दिया, वहीं महाराजा अग्रसेन ने समतामूलक समाज, आपसी सहयोग, उद्यमशीलता और लोककल्याण की भावना को मजबूत करने का मार्ग दिखाया।

उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। उनके विचारों से प्रेरणा लेकर सामाजिक समानता, लोकतांत्रिक चेतना और समावेशी विकास को बढ़ावा देने के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और विकास का लाभ पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।

विचार गोष्ठी को प्रदेश सचिव सुशील दुबे, जिला उपाध्यक्ष हीरालाल विश्वकर्मा, जिला सचिव दीपक विश्वकर्मा, प्रदेश सचिव पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ लाल मोहम्मद राईनी, राष्ट्रीय सचिव बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी हरिश्चंद प्रभाकर, युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दिलीप प्रजापति, आनंद गुप्ता, रवि यादव, पूनम यादव एवं सबीना बेगम सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।

वक्ताओं ने कहा कि महापुरुषों के विचारों और संघर्षों को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। सामाजिक समानता, आपसी सहयोग और जनकल्याण की भावना को मजबूत करके ही एक बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है।

कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया। इस अवसर पर जिला सचिव अजय मौर्य, समाजवादी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव संदीप यदुवंशी, सोनी सेठ, सोनी यादव, मोहम्मद आसिफ शाह, आतिश सोनकर, विनय विनायक, ईशान यादव सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights