नदी में डूबे पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवक का तीन दिन बाद मिला शव, परिवार में मचा कोहराम दौड़ लगाने के बाद नदी किनारे हाथ-पैर धोने गया था 21 वर्षीय प्रिंस उर्फ बंटी, पैर फिसलने से गहरे पानी में डूबने की आशंका

जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र में नदी में डूबे 21 वर्षीय युवक प्रिंस उर्फ बंटी का शव तीन दिन बाद बरामद होने से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार शाम करीब सात बजे शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। युवक पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। उसकी मौत से परिवार की उम्मीदों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रिंस उर्फ बंटी दौड़ लगाने के बाद नदी किनारे हाथ-पैर धोने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी। तीन दिनों तक खोजबीन के बाद गुरुवार शाम उसका शव नदी से बरामद हुआ।
युवक का शव मिलने की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवक की इस तरह असमय मौत से परिवार और परिचितों में मातम छा गया।