जौनपुर के आशीष शुक्ला ने बढ़ाया जिले का गौरव, ICMR में वैज्ञानिक-बी के पद पर हुआ चयन BHU से माइक्रोबायोलॉजी में की पीएचडी, अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ आयोवा से हासिल किया उच्चस्तरीय शोध प्रशिक्षण

जौनपुर। जनपद के होनहार युवा आशीष शुक्ला ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और लगन के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उनका चयन भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अंतर्गत गोरखपुर स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ रिसर्च (NIHR) में वैज्ञानिक-बी (Scientist-B) के प्रतिष्ठित पद पर हुआ है। उनकी इस सफलता से परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। वहीं, जिले के लोगों ने भी उनकी उपलब्धि पर गर्व जताया है।
आशीष शुक्ला मूल रूप से जौनपुर जिले के ताहिरपुर गांव के निवासी हैं तथा परमानतपुर (उमरपुर) से भी उनका संबंध है। वह श्री अमरनाथ शुक्ला एवं श्रीमती आशा शुक्ला के पुत्र हैं। बचपन से ही पढ़ाई के प्रति लगन और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने की इच्छा ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
आशीष की शैक्षणिक उपलब्धियां भी बेहद प्रभावशाली रही हैं। उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU), वाराणसी से सूक्ष्मजीव विज्ञान (माइक्रोबायोलॉजी) विषय में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। इसके अलावा उन्होंने अमेरिका की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ आयोवा से उच्चस्तरीय शोध प्रशिक्षण हासिल कर अपनी वैज्ञानिक एवं अनुसंधान संबंधी दक्षता को और मजबूत किया।
वैज्ञानिक-बी के पद पर उनका चयन उनकी वर्षों की मेहनत, उच्चस्तरीय शैक्षणिक योग्यता और शोध के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद देश में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे प्रतिष्ठित संस्थान से जुड़ना किसी भी युवा शोधार्थी के लिए गौरव की बात है।
आशीष शुक्ला की इस उपलब्धि से न केवल उनके माता-पिता का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है, बल्कि जौनपुर जनपद के युवाओं को भी शिक्षा, शोध और वैज्ञानिक क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है। उनकी सफलता पर क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।