जौनपुर: दुष्कर्म के आरोपी का शव फांसी पर लटका मिला, क्षेत्र में सनसनी


जौनपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के वाजिदपुर उत्तरी मोहल्ले में शनिवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब दुष्कर्म के एक आरोपी का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के अमरा गांव निवासी विजय कुमार यादव (22) पुत्र रामसूरत यादव के खिलाफ करीब 10 दिन पहले एक नाबालिग से दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया गया था। इसी मामले में गांव के ही राहुल यादव के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज हुई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद दोनों आरोपी फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी।
बताया जा रहा है कि फरारी के दौरान दोनों वाजिदपुर उत्तरी स्थित एक मकान में छिपे हुए थे। इसी बीच शनिवार देर रात विजय कुमार यादव का शव रस्सी के सहारे फांसी पर लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी भंडारी जयदीप कुमार कोल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस के अनुसार, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights