केराकत में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की बैठक सम्पन्न, पत्रकारों को वितरित हुए परिचय पत्र


केराकत, जौनपुर।
स्थानीय शगुन मैरेज हाल में मंगलवार को ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की तहसील इकाई केराकत द्वारा परिचय समारोह एवं परिचय पत्र वितरण कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष संजय अस्थाना ने कहा कि संगठन हमेशा से पत्रकारों के हित में कार्य करता आया है और आगे भी पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में संगठन अपने सदस्यों का साथ नहीं छोड़ेगा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वाराणसी मंडल अध्यक्ष बिन्देश्वरी सिंह ने अपने संबोधन में वर्तमान पत्रकारिता की चुनौतियों और जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज के दौर में पत्रकारों को निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित के प्रति समर्पित रहना अत्यंत आवश्यक है। ग्रामीण पत्रकारिता को समाज की आवाज बताते हुए उन्होंने सभी पत्रकारों से अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
तहसील अध्यक्ष राजेश यादव ने सभी अतिथियों एवं पत्रकार साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ पत्रकारों को एक मंच प्रदान करते हैं। कार्यक्रम का संचालन सुभाष फौजी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार दीपनरायन सिंह, मोहम्मद असलम खाँ, पंकज राय, अमित यादव, कौशलेन्द्र गिरी, रामफेर शर्मा, राम नवमी के साथ ही डॉ. पप्पू सरोज (जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि) एवं पूर्व प्रधान ओमप्रकाश सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में तहसील अध्यक्ष राजेश यादव ने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की समाप्ति की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights