जौनपुर: भारत विकास परिषद जौनपुर का 13वां दायित्व ग्रहण एवं सम्मान समारोह संपन्न


जौनपुर। भारत विकास परिषद जौनपुर शाखा का 13वां दायित्व ग्रहण एवं सम्मान समारोह विष्णु मोटल में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नई कार्यकारिणी ने शपथ ग्रहण कर पदभार संभाला।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पिछड़ा आयोग के उपाध्यक्ष सोहनलाल श्रीमाली, विशिष्ट अतिथि राम प्रकाश पाण्डेय, प्रांतीय संरक्षक ब्रह्मानंद पेशवानी, क्षेत्रीय वित्त सचिव मुकुल शाह, प्रांतीय वित्त सचिव विवेक कुमार तिवारी एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद सरस्वती शिशु मंदिर बारीनाथ की छात्राओं ने वंदे मातरम् गीत प्रस्तुत किया।
पूर्व अध्यक्ष लोकेश कुमार ने परिषद के स्थापना काल से लेकर अब तक के विस्तार की जानकारी दी। वहीं विभिन्न पदाधिकारियों ने अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए परिषद के सेवा, संस्कार एवं समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
नई कार्यकारिणी में गणेश साहू को अध्यक्ष, डॉ. प्रेम कुमार संतोषी को सचिव तथा डॉ. दिवाकर गुप्ता को कोषाध्यक्ष पद की शपथ दिलाई गई। साथ ही महिला सहभागिता संयोजक अर्चना पाठक सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी शपथ ग्रहण किया। इसके पश्चात अध्यक्ष गणेश साहू ने अपनी टीम की घोषणा कर सभी को दायित्व सौंपा।
कार्यक्रम में वर्षभर किए गए कार्यों का विवरण, आय-व्यय का लेखा-जोखा तथा समाजसेवा से जुड़े विभिन्न प्रकल्पों की जानकारी भी प्रस्तुत की गई। महिला उत्थान, नशा मुक्ति अभियान, आंगनवाड़ी केंद्र संचालन एवं शुद्ध पेयजल व्यवस्था जैसे कार्यों पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि ने कहा कि भारत विकास परिषद समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर कर राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विशिष्ट अतिथि ने भी सामाजिक सेवा को ही सच्ची सेवा बताया।
कार्यक्रम में ताइक्वांडो अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी संजीव साहू के नेतृत्व में बच्चों ने आत्मरक्षा का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।
अंत में गणेश साहू ने सभी सदस्यों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए नशा मुक्ति, सामाजिक सुधार एवं विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का संचालन शिव कुमार गुप्ता एवं दिलीप जायसवाल ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights