मंडप में बदली दुल्हन, प्रेमी को पहनाई वरमाला; बारात लौटी बैरंग


छिंदवाड़ा। जिले के उमरेठ थाना क्षेत्र के मुजावर गांव में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया, जहां शादी के मंडप में दुल्हन ने दूल्हे की जगह अपने प्रेमी के गले में वरमाला डाल दी। इस घटना से पूरे समारोह में हड़कंप मच गया और अंततः बारात बिना शादी के वापस लौट गई।
जानकारी के अनुसार, बारात परासिया से मुजावर गांव पहुंची थी। धूमधाम से कार्यक्रम चल रहा था और वरमाला की रस्म के लिए दूल्हा स्टेज पर मौजूद था। जैसे ही दुल्हन को स्टेज पर लाया गया, उसने अचानक पंडाल में खड़े अपने प्रेमी को वरमाला पहना दी और उससे लिपट गई।
इस अप्रत्याशित घटना से वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। बताया जा रहा है कि दुल्हन और युवक के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे और युवती परिवार के दबाव में शादी के लिए राजी हुई थी, लेकिन अंतिम समय पर उसने यह कदम उठा लिया।
घटना के बाद दोनों पक्षों में विवाद हुआ और वधु पक्ष के लोगों ने युवक के साथ मारपीट भी की। दूल्हे ने इस घटना के बाद शादी से इंकार कर दिया और बारात वापस लौट गई। मामले की शिकायत उमरेठ थाने में दर्ज कराई गई है।
कानूनी जानकारों के अनुसार, दूल्हा इस मामले में धोखाधड़ी, मानसिक प्रताड़ना और मानहानि के आधार पर कार्रवाई कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights