उद्योग बंधु बैठक में स्वरोजगार योजनाओं पर जोर, सतहरिया की समस्याओं के समाधान के निर्देश


जौनपुर, 29 मई 2026। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना एवं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अधिक से अधिक पात्र युवाओं को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए तथा ऋण वितरण प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिकाधिक युवा इन योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकें।
बैठक के दौरान उद्यमियों ने सतहरिया क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों एवं लंबित प्रकरणों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे उद्यमियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (GBC) 5.0 के अंतर्गत शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति के लिए भी विभिन्न विभागों को आवश्यक कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सतहरिया क्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में कमर्शियल सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, सीसीटीवी कैमरे लगाने, हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था करने तथा साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights