मासूम की मौत के मामले में प्रशासन सख्त, शिवम क्लिनिक सील

जौनपुर। केराकत क्षेत्र में कथित रूप से गलत इंजेक्शन लगाए जाने के बाद पांच वर्षीय मासूम की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित शिवम क्लिनिक को शनिवार को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
प्रशासन के अनुसार, सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए गए। इसके बाद उपजिलाधिकारी केराकत सुनील कुमार भारती के नेतृत्व में प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने क्लिनिक का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी तथा डिप्टी मुख्य चिकित्सा अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रारंभिक जांच के आधार पर एहतियातन क्लिनिक को सील कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बिना मानकों के संचालित चिकित्सा संस्थानों तथा जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं और मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की जा रही है।