अयोध्या मुद्दे पर अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, बोले—न चंदा मिलेगा, न दान और न वोट

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अयोध्या और राम मंदिर को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कई गंभीर आरोप लगाए।
अखिलेश यादव ने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की चर्चा अब गांव-गांव और घर-घर तक पहुंच चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने प्रभु श्रीराम और संविधान दोनों के साथ दगा किया है। इसी कारण जनता अब भाजपा को न चंदा देगी, न दान और न वोट।
उन्होंने अयोध्या में जमीन अधिग्रहण, मुआवजे और सड़क चौड़ीकरण के दौरान अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों, व्यापारियों और आम लोगों के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने आम जनता के हितों की अनदेखी की है।
सपा अध्यक्ष ने प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार पर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि थानों में भाजपा के इशारे पर काम हो रहा है और लोगों को न्याय नहीं मिल पा रहा है।
इसके अलावा उन्होंने एक्सप्रेस-वे निर्माण की गुणवत्ता, किसानों को डीएपी और यूरिया की कमी तथा अन्य सरकारी योजनाओं पर भी सवाल उठाए। प्रेस वार्ता में राम निवास धाम मंदिर से जुड़े विवाद और इंजीनियर संदीप यादव हत्याकांड का मुद्दा भी उठाया गया, जिसमें निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की गई।