नहर में अज्ञात युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस


जौनपुर: खेतासराय थाना क्षेत्र के बरजी गांव के पास स्थित शारदा सहायक नहर में शनिवार दोपहर लगभग 2 बजे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को कुछ ग्रामीण नहर पुल पर बैठे हुए थे। इसी दौरान उनकी नजर नहर में बहते एक शव पर पड़ी। शव दिखाई देते ही ग्रामीणों ने तुरंत खेतासराय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। उसके शरीर पर काला पैंट, ऑरेंज रंग की बनियान (जो बाजू में समेटी हुई थी) और सफेद गमछा लिपटा हुआ मिला है। प्रथम दृष्टया शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।
पुलिस का अनुमान है कि शव नहर के बहाव के साथ कहीं दूर से यहां तक पहुंचा हो सकता है। फिलहाल पुलिस शव की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी हुई है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights