फरार आरोपी के घर पुलिस की मुनादी, कोर्ट के आदेश पर चस्पा हुआ उद्घोषणा नोटिस


जौनपुर। जनपद के सिकरारा थाना क्षेत्र में फरार चल रहे एक वांछित आरोपी के खिलाफ पुलिस ने न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए उद्घोषणा की कार्रवाई की। एसीजेएम-2 जौनपुर के आदेश पर थाना सिकरारा पुलिस ने धारा 84 बीएनएसएस के तहत आरोपी के घर और सार्वजनिक स्थानों पर उद्घोषणा नोटिस चस्पा कर विधिवत मुनादी कराई।
पुलिस के अनुसार मुकदमा संख्या 183/2026, धारा 109(1) एवं 61(2) बीएनएस में वांछित विकेश मिश्रा उर्फ बमबम मिश्रा, निवासी ग्राम सैदपुर, थाना सिकरारा, लंबे समय से फरार चल रहा है। न्यायालय द्वारा उसे निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने हेतु उद्घोषणा नोटिस जारी किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस टीम ने आरोपी के निवास स्थान के साथ-साथ प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर नोटिस चस्पा किया और मुनादी कराकर आमजन को न्यायालय के आदेश से अवगत कराया। पुलिस ने बताया कि इस प्रक्रिया में सभी वैधानिक औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई हैं।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राम नेवास सहित थाना सिकरारा के पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि आरोपी निर्धारित समयावधि में न्यायालय में उपस्थित नहीं होता है, तो उसके विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights