पीएम आवास योजना की समीक्षा में डीएम सख्त, 3694 आवेदन लंबित मिलने पर जताई नाराजगी


जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0, पीएम स्वनिधि योजना एवं मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित व मलिन बस्ती विकास योजना की समीक्षा बैठक की। बैठक में योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों पर नाराजगी जताई और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान परियोजना अधिकारी डूडा ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के अंतर्गत नगर पंचायत कचगांव और नगर पालिका परिषद मुंगराबादशाहपुर से कुल 6686 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 2992 आवेदनों की ही जांच पूरी हो सकी है, जबकि 3694 आवेदन अभी भी लंबित हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिशासी अधिकारियों को फटकार लगाते हुए जांच प्रक्रिया में तेजी लाकर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा में यह तथ्य सामने आया कि प्रथम और द्वितीय ऋण के लिए नए आवेदन नहीं मिल रहे हैं, क्योंकि अधिकांश पात्र पथ विक्रेता पहले ही लाभान्वित हो चुके हैं। जिलाधिकारी ने नगर निकायों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा तृतीय ऋण के लक्ष्य को हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
वहीं मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के तहत वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 95 कार्यों में से 55 पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 36 कार्य प्रगति पर हैं। वर्ष 2025-26 के 28 स्वीकृत कार्य भी निर्माणाधीन हैं। जिलाधिकारी ने सभी कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों के फोटोग्राफ समीक्षा बैठकों की प्रस्तुति में शामिल करने को भी कहा।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट, सिटी मजिस्ट्रेट इन्द्रनन्दन सिंह, परियोजना अधिकारी डूडा, सीएलटीसी, अवर अभियंता बृजनन्दन स्वरूप सहित सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights