यातायात सुगम बनाने को डीसीपी ट्रैफिक ने पांच प्रमुख स्थानों का किया निरीक्षण




अवैध अतिक्रमण हटवाकर मार्ग कराया अतिक्रमणमुक्त, चौराहों से 100 मीटर दूर ई-रिक्शा व ऑटो से सवारी बैठाने-उतारने के निर्देश
कानपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए शनिवार को पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार ने सुगम यातायात योजना “Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme” के तहत कल्याणपुर क्रासिंग, पनकी रोड, पुरानी शिवली रोड, इंद्रा नगर कट और बिठूर तिराहा कट का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे किए गए अवैध अस्थायी अतिक्रमण को हटवाकर मार्ग को अतिक्रमणमुक्त कराया गया। संबंधित लोगों को भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण न करने के निर्देश भी दिए गए।
डीसीपी यातायात ने प्रमुख मार्गों और चौराहों पर यातायात व्यवस्था, अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा एवं ऑटो संचालन तथा यातायात संचालन की स्थिति का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने प्रमुख चौराहा और तिराहा से कम से कम 100 मीटर की दूरी पर ई-रिक्शा, ई-ऑटो और टेंपो से सवारी बैठाने एवं उतारने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा करने या रोकने वालों के खिलाफ अभियान चलाने को कहा गया। चौराहों और तिराहों पर यातायात बाधित करने वाले ‘चोक पॉइंट्स’ (Choke Points) की पहचान कर उनके कारणों को दूर करने के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रियों के अधिकतम यात्रा समय को कम किया जा सके।
पुलिस उपायुक्त यातायात ने कहा कि Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme का उद्देश्य शहरवासियों को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है। निरीक्षण के दौरान संबंधित जोन के टीआई, रूट मार्शल और सेक्टर प्रभारी मौजूद रहे।