एमडीआर के विरोध में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता, एमडीआर व्यवस्था वापस लेने की मांग

जौनपुर। यूपीआई से जुड़े कुछ व्यापारी लेनदेन पर लागू मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा को सौंपा।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने केंद्र सरकार की यूपीआई संबंधी व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एमडीआर के कारण व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की आशंका है। उन्होंने सरकार से इस व्यवस्था को वापस लेने की मांग की।
डॉ. सिंह ने कहा कि सरकार ने जीएसटी को ‘एक देश, एक टैक्स’ की व्यवस्था के रूप में लागू किया है। ऐसे में डिजिटल भुगतान से जुड़े अतिरिक्त शुल्क की व्यवस्था को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने एमडीआर की तुलना ‘जजिया टैक्स’ से करते हुए इसे जनता की जेब पर अतिरिक्त बोझ बताया।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान ने कहा कि सरकार को एमडीआर की व्यवस्था पर पुनर्विचार करते हुए इसे वापस लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के बीच जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना उचित नहीं है।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 15 सितंबर 2026 को स्पष्ट किया है कि व्यक्ति-से-व्यक्ति (पी2पी) यूपीआई लेनदेन निःशुल्क रहेंगे। ₹2,000 तक के व्यापारी भुगतान पर भी एमडीआर नहीं लगेगा। सरकार के अनुसार निर्धारित श्रेणी के ₹2,000 से अधिक के व्यापारी लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत एमडीआर लागू होगा, जबकि ₹75,000 या उससे अधिक के लेनदेन पर यह अधिकतम ₹300 प्रति लेनदेन तक सीमित रहेगा। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि एमडीआर ग्राहक से वसूला जाने वाला शुल्क नहीं है और इसे भुगतान व्यवस्था में शामिल विभिन्न संस्थाओं के बीच साझा किया जाता है।
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष राकेश सिंह डब्बू, विनय तिवारी, लाल प्रकाश पाल, मंजू बेनवंशी, अरुण शुक्ला, रामसिंह बांकुरे, जिला सचिव इरशाद खान, सभासद शहनवाज मंजूर, राजकुमार गुप्ता, जब्बार अली सलमानी, तौफीक अहमद राजू, हमजा मलिक, आशीष यादव, रेखा बेनवंशी, साबिर बेगम, मुहम्मद ताहिर, इकबाल हुसैन, संदीपा बेनवंशी, विजेन्द्र गौतम, इस्तेखारुल प्रधान, मोहम्मद अजीम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।