बिहार: बेटे के सामने पिता की गोली मारकर हत्या, जमीन विवाद बना वजह


बिहार के रोहतास जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां बीच चौराहे पर दिनदहाड़े एक व्यक्ति की उसके बेटे के सामने ही गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, घटना नासरीगंज थाना क्षेत्र के पांडुरी गांव की है। मृतक की पहचान बैजनाथ सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद में भांजे ने अपने ही मामा को गोली मार दी।
कार से उतरते ही बरसाईं गोलियां
पुलिस के मुताबिक, बैजनाथ सिंह अपने बेटे के साथ चौराहे पर पान खाने जा रहे थे। इसी दौरान काले रंग की कार से पहुंचे हमलावरों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में बैजनाथ सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सबसे मार्मिक बात यह रही कि पूरी घटना उनके बेटे के सामने हुई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
5 के खिलाफ केस दर्ज, मुख्य आरोपी फरार
पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। मुख्य आरोपी रंजीत मारवाड़ और उसका सहयोगी गोपाल राय घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुराने जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप
बिक्रमगंज के एसडीपीओ सिंधु शेखर के अनुसार, यह मामला लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद से जुड़ा है। मृतक की बहन और उसका बेटा जमीन में हिस्सेदारी की मांग कर रहे थे, जिसको लेकर दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights