मऊ में भीषण सड़क हादसा: पति-पत्नी और बेटे समेत 5 की मौत, शादी से लौट रहा था परिवार

मऊ के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी और उनके इकलौते बेटे समेत कुल पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए और शवों को निकालने के लिए पुलिस को घंटों मशक्कत करनी पड़ी।
मिली जानकारी के अनुसार, गोरखपुर के खोराबार निवासी विनय कुमार श्रीवास्तव अपनी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव और बेटे कृतार्थ के साथ 20 अप्रैल को बेटी की शादी में शामिल होने के लिए रांची गए थे। शादी संपन्न होने के बाद शुक्रवार को वे परिवार के साथ किराए की कार से गोरखपुर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर कुसुम्हा बशारतपुर के पास तेज रफ्तार कार पहले डिवाइडर से टकराई और उछलकर दूसरी लेन में पहुंच गई, जहां सामने से आ रहे एक भारी ट्रेलर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजय कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसे गैस कटर और ट्रैक्टर की मदद से काटकर शवों को बाहर निकाला गया।
हादसे में मृतकों में परिवार के मुखिया विनय कुमार श्रीवास्तव, उनकी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव, बेटा कृतार्थ श्रीवास्तव और दो ड्राइवर—पुरुषोत्तम व नीतीश कुमार शामिल हैं।
इस दुखद घटना से विनय कुमार श्रीवास्तव के गांव रानीडीहा में शोक की लहर है। वहीं, रांची में जिस घर में कुछ दिन पहले ही शादी की खुशियां मनाई गई थीं, वहां इस हादसे की खबर से कोहराम मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights