जौनपुर में गेहूं खरीद व्यवस्था चरमराई, जगह व ट्रक की कमी से किसान परेशान

जनपद जौनपुर के चौकियां मंडी परिषद स्थित सरकारी गेहूं क्रय केंद्र पर अव्यवस्थाओं के चलते गेहूं खरीद व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। जगह की कमी और ट्रकों की अनुपलब्धता के कारण पिछले कई दिनों से खरीद कार्य प्रभावित है, जिससे किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्रय केंद्र प्रभारी प्रीतम सिंह के अनुसार मंडी परिसर में केवल तीन दुकानों का स्थान उपलब्ध है, जो पहले से ही पूरी तरह भर चुका है। इसके साथ ही परिवहन व्यवस्था भी बेहद खराब है, जहां पांच से छह दिन में मुश्किल से एक ट्रक उपलब्ध हो पा रहा है। उन्होंने बताया कि इस समस्या की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल सका है।
वहीं किसानों ने केंद्र पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि प्रभारी द्वारा चुनिंदा किसानों का ही गेहूं खरीदा जा रहा है, जबकि अन्य को जगह, मजदूर और ट्रक की कमी बताकर वापस कर दिया जा रहा है। इससे किसानों में नाराजगी और रोष बढ़ता जा रहा है।
किसान जगदीश नारायण त्रिपाठी ने बताया कि वह पिछले एक सप्ताह से लगातार क्रय केंद्र के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें लौटा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि यदि यही स्थिति बनी रही तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
किसानों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और गेहूं खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी व सुचारू बनाया जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights