शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड मामले में बलिया निवासी राज सिंह अयोध्या से गिरफ्तार, बंगाल पुलिस की कार्रवाई”


बलिया। पश्चिम बंगाल में चर्चित शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड से जुड़े मामले में बलिया निवासी राज सिंह को अयोध्या से गिरफ्तार किए जाने की सूचना सामने आई है। यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल पुलिस द्वारा की गई है।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी को उस समय पकड़ा गया जब वह लखनऊ से एक निजी कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहा था। पुलिस टीम ने अयोध्या में उसे हिरासत में लिया और आगे की पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।
बताया जा रहा है कि बंगाल पुलिस कई दिनों से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। गिरफ्तारी के बाद बलिया जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित आनंद नगर मोहल्ले में उसके आवास पर ताला बंद मिला, जिससे क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात कुछ सादे कपड़ों में लोग क्षेत्र में पहुंचे थे और पूछताछ की गई। वहीं मोहल्ले में कई वाहनों की आवाजाही की भी चर्चा रही, हालांकि लोग इस मामले पर खुलकर बोलने से बचते नजर आए।
राज सिंह के बारे में बताया जा रहा है कि वह स्वयं को समाजसेवी बताता रहा है और पूर्व में वार्ड नंबर 15 से सभासद का चुनाव भी लड़ चुका है। कुछ वर्ष पूर्व उस पर एक आपराधिक मामले में नाम आने की भी चर्चा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय पुलिस भी मामले पर नजर बनाए हुए है और बंगाल पुलिस से संपर्क कर जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights