मोना के नेतृत्व में नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ेगा कांग्रेस संगठन : जयशंकर दुबे प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर जौनपुर में कांग्रेसियों ने जताई खुशी, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह


जौनपुर। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर जौनपुर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी और उत्साह का माहौल रहा। पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं प्रदेश महासचिव जयशंकर दुबे ने आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मोना के नेतृत्व में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। पार्टी नेतृत्व ने उनकी मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनके नेतृत्व में कांग्रेस जनहित से जुड़े मुद्दों को और मजबूती के साथ उठाएगी।

जयशंकर दुबे ने कहा कि आराधना मिश्रा ‘मोना’ का शुरू से ही समाजसेवा के क्षेत्र में रुझान रहा है। राजनीतिक और सामाजिक जीवन में उन्हें पारिवारिक विरासत का लाभ जरूर मिला, लेकिन उन्होंने अपने कार्यों और सक्रियता के दम पर संगठन में अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि मोना ने अपनी राजनीतिक सक्रियता को केवल रामपुर खास तक सीमित नहीं रखा, बल्कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में भी निरंतर योगदान दिया।

उन्होंने बताया कि आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने वर्ष 2014 के उपचुनाव से सक्रिय चुनावी राजनीति में कदम रखा। पहली बार विधायक निर्वाचित होने के बाद उन्हें ‘एमएलए ऑफ द ईयर’ सम्मान से भी नवाजा गया। इसके बाद वर्ष 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने रामपुर खास विधानसभा सीट से जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की।

आराधना मिश्रा के राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए जयशंकर दुबे ने कहा कि उनके पिता प्रमोद तिवारी वर्ष 1980 में रामपुर खास विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक निर्वाचित हुए थे और इसके बाद लगातार नौ बार इस सीट का प्रतिनिधित्व किया। आराधना मिश्रा ने भी अपनी कार्यशैली और जनसरोकारों के माध्यम से इस राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस संगठन में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।

इस अवसर पर आईसीसी कोऑर्डिनेटर प्रमोद मिश्रा, प्रदेश महासचिव जयशंकर दुबे, राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर डॉ. आरसी पांडेय, जिला अध्यक्ष किसान कांग्रेस अभिषेक मिश्रा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यकर्ताओं ने आराधना मिश्रा ‘मोना’ के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया। प्रदेश अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी मिलने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights