स्वामी सहजानंद सरस्वती की 76वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, किसान अधिकारों पर हुआ मंथन
वाराणसी। संगठित किसान आंदोलन के जनक एवं स्वतंत्रता सेनानी स्वामी सहजानंद सरस्वती की 76वीं पुण्यतिथि पर बैरवन, मोहनसराय में स्वामी सहजानंद किसान महासभा के तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा एवं किसान अधिकार संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महासभा के राष्ट्रीय महासचिव एवं किसान नेता विनय शंकर राय ‘मुन्ना’ ने की। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों और अधिकारों के लिए संघर्ष तथा रचनात्मक कार्य करना ही स्वामी सहजानंद सरस्वती के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
सभा में उपस्थित किसानों ने स्वामी सहजानंद सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सर्वसम्मति से उनके जीवन एवं योगदान को पुनः एनसीईआरटी के पाठ्यक्रम में शामिल कराने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन चलाने का संकल्प भी लिया गया।
विनय शंकर राय ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी सहजानंद सरस्वती किसानों को धरती का अन्नदाता मानते थे और उन्होंने किसानों के अधिकारों के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उन्होंने किसानों से स्वामीजी के विचारों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन उदय पटेल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रेम साव ने दिया। इस अवसर पर विजय नारायण वर्मा, रमेश पटेल, विजय गुप्ता, अवधेश प्रताप, गौरव पटेल, चंदन पटेल, दिनेश पटेल, मदन पटेल, उमाशंकर पटेल, रमाशंकर पटेल सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।