रिश्वतखोरी पर कार्रवाई: शाहजहांपुर में लेखपाल रंगे हाथ गिरफ्तार, दिल्ली में IPS अधिकारी भी गिरफ्त में
शाहजहांपुर/नई दिल्ली। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एंटी करप्शन टीम ने एक लेखपाल को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया, वहीं नई दिल्ली में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने एक आईपीएस अधिकारी को गिरफ्तार किया है।
शाहजहांपुर के तहसील सदर में तैनात लेखपाल योगेश तिवारी को जमीन की पैमाइश के नाम पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया। शिकायत मिलने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
वहीं, नई दिल्ली में रिश्वतखोरी के एक मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 2012 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी दीपक गहलावत को गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की जांच जारी है और सीबीआई द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
दोनों मामलों में हुई कार्रवाई से स्पष्ट है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ एजेंसियां सख्त रुख अपनाए हुए हैं और दोषियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।