वाराणसी में फर्जी दरोगा गिरफ्तार, असली इंस्पेक्टर की गाड़ी रुकवाना पड़ा भारी


वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को दरोगा बताकर अवैध वसूली करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान राजन प्रजापति के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शहर के सुनसान इलाकों में वाहनों को रोककर खुद को पुलिस अधिकारी बताता था और लोगों से अवैध वसूली करता था। इसी दौरान उसने एक कार को भी रोक लिया, जो उसके लिए भारी पड़ गया।
संयोगवश, जिस कार को आरोपी ने रोका उसमें सादा कपड़ों में एक असली पुलिस इंस्पेक्टर सवार थे, जो किसी कार्यक्रम से लौट रहे थे। इंस्पेक्टर को आरोपी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं और उन्होंने उससे पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी अपनी पहचान और तैनाती के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
इसके बाद इंस्पेक्टर ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी कब से फर्जी दरोगा बनकर लोगों से अवैध वसूली कर रहा था और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह भी शामिल है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights