थाईलैंड में दर्दनाक हादसा: 11 वर्षीय लड़के ने भिक्षुओं के समूह पर चढ़ाया पिकअप ट्रक, 8 की मौत


बैंकॉक: पूर्वोत्तर थाईलैंड के मुकदाहान प्रांत में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक 11 वर्षीय लड़के द्वारा चलाए जा रहे पिकअप ट्रक ने तीर्थयात्रा पर निकले बौद्ध भिक्षुओं के समूह को टक्कर मार दी। इस हादसे में कम से कम 8 भिक्षुओं की मौत हो गई।
समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, मुकदाहान के गवर्नर वोरयान बुन्नारत ने बताया कि पांच भिक्षुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके अलावा 14 अन्य भिक्षु घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, 11 वर्षीय आरोपी लड़का फिलहाल हिरासत में है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि वाहन ने संतुलन खो दिया था, जिसके बाद वह सड़क से फिसलकर भिक्षुओं के समूह से जा टकराया।
बताया जा रहा है कि कुल 35 बौद्ध भिक्षु इस तीर्थयात्रा पर निकले हुए थे। राजधानी बैंकॉक से लगभग 600 किलोमीटर पूर्वोत्तर स्थित मुकदाहान प्रांत में यह हादसा हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights