दीपक कुमार बजाज पुनः बने इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव, वाराणसी के उद्यमियों में खुशी की लहर


वाराणसी: इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) के राष्ट्रीय महासचिव पद पर एक बार फिर वाराणसी के प्रमुख उद्यमी दीपक कुमार बजाज को चुना गया है। उनके पुनर्नियुक्ति की खबर से वाराणसी सहित पूरे पूर्वांचल के उद्यमियों में उत्साह का माहौल है।
आईआईए उत्तर भारत का एक प्रमुख औद्योगिक संगठन है, जिसके उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली और हरियाणा में सक्रिय चैप्टर हैं। संगठन से वर्तमान में 16,500 से अधिक उद्यमी सदस्य जुड़े हुए हैं।
दीपक कुमार बजाज ने अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से औद्योगिक विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के विकास में आईआईए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने संगठन के अध्यक्ष दिनेश गोयल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उद्यमियों की समस्याओं को सरकार के सामने प्रभावी ढंग से रखना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही उन्होंने उद्योगों के सुचारु संचालन के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा भी दिलाया।
आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आर.के. चौधरी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राजेश भाटिया, सचिव अनुपम देवा, नीरज पारिख, चैप्टर चेयरमैन पंकज अग्रवाल समेत कई उद्यमियों और व्यापारियों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। उद्यमी समाज ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में उद्योग जगत को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights