अपराधियों पर शिकंजा कसने को जौनपुर पुलिस सक्रिय, ‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत हेल्पलाइन जारी


जौनपुर। जनपद में अपराधियों और अवैध असलहों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन वज्रपात’ को और प्रभावी बनाने के लिए जौनपुर पुलिस ने आमजन की सहभागिता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा 9214169135 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से आम नागरिक संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी सीधे पुलिस तक पहुंचा सकेंगे।
पुलिस ने अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति अवैध असलहों के साथ रील, फोटो या वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहा हो, गैंग बनाकर भय का माहौल पैदा कर रहा हो अथवा किसी भी प्रकार की आपराधिक या असामाजिक गतिविधि में संलिप्त हो, तो उससे संबंधित फोटो, वीडियो, स्क्रीनशॉट या सोशल मीडिया लिंक इस हेल्पलाइन नंबर पर साझा करें।
पुलिस के अनुसार, प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना पर तत्काल संबंधित थाना या शाखा द्वारा वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
जौनपुर पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें तथा साक्ष्यों के साथ संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी देकर सुरक्षित, अपराधमुक्त और भयमुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights