रिटायर IAS रमेश नितिन गोकर्ण बने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा बोर्ड के अध्यक्ष

यूपी कैडर के 1990 बैच के वरिष्ठ अधिकारी को भारत सरकार ने सौंपी अहम जिम्मेदारी, वाराणसी के कमिश्नर और पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति भी रह चुके हैं
नई दिल्ली/वाराणसी। उत्तर प्रदेश कैडर के 1990 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं अपर मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त रमेश नितिन गोकर्ण को भारत सरकार ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा बोर्ड (National Road Safety Board) का अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति को प्रशासनिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और जिम्मेदारीपूर्ण निर्णय के रूप में देखा जा रहा है।
रमेश नितिन गोकर्ण की पहचान एक ईमानदार, निष्पक्ष और कुशल प्रशासक के रूप में रही है। अपने लंबे प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए प्रभावी नेतृत्व और कार्यकुशलता का परिचय दिया है।
वाराणसी में कमिश्नर के पद पर कार्यरत रहने के दौरान, जब वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में कुलपति का पद रिक्त था, तब उन्हें विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया था। उन्होंने करीब चार से पांच माह तक इस दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में उनकी नियुक्ति पर प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है और नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन की कामना की है।