काली मंदिर में चोरी का प्रयास नाकाम, पुजारी की बहादुरी से आरोपी दबोचा

जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर नगर के सिपाह मोहल्ला स्थित प्रसिद्ध काली माई शक्ति पीठ मंदिर में सोमवार सुबह चोरी का एक प्रयास पुजारी की सतर्कता और साहस के चलते विफल हो गया। मां काली के श्रृंगार में चढ़ाए गए जेवरात चुराने की कोशिश कर रहे एक युवक को पुजारी बाबा केवल दास ने मौके पर ही पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे एक युवक मंदिर परिसर में पहुंचा और गर्भगृह में प्रवेश कर मां काली की प्रतिमा पर चढ़े जेवरात उतारने लगा। इसी दौरान पुजारी बाबा केवल दास की नजर उस पर पड़ गई। उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।
खुद को पकड़ा देख आरोपी ने छूटने की कोशिश में पुजारी के हाथ में दांत से काट लिया, जिससे वे घायल हो गए। इसके बावजूद पुजारी ने अदम्य साहस दिखाते हुए आरोपी को नहीं छोड़ा। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को चोरी किए गए जेवरात के साथ हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पवन कुमार, निवासी लाल का पूरा, नीभापुर बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।