मथुरा: बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में मिलावटी प्रसाद का बड़ा खुलासा, 400 किलो गंदा पेड़ा नष्ट


मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण की पावन कर्मभूमि मथुरा में प्रसाद के नाम पर मिलावट का गंभीर मामला सामने आया है। विश्वप्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के दौरान करीब 400 किलो गंदा एवं मिलावटी पेड़ा बरामद कर नष्ट कराया गया।
जांच के दौरान पाया गया कि यह मिलावटी पेड़ा दुकानों पर खुलेआम प्रसाद के रूप में बेचा जा रहा था। श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा के साथ इन पेड़ों को खरीदकर भगवान को अर्पित करते थे और बाद में अपने परिजनों व रिश्तेदारों में भी प्रसाद के रूप में वितरित करते थे।
खाद्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर संदिग्ध गुणवत्ता वाले पेड़ों को जब्त किया और मौके पर ही नष्ट करा दिया। अधिकारियों के अनुसार, पेड़ों में स्वच्छता मानकों का पालन नहीं किया गया था और इनमें मिलावट की आशंका पाई गई।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि वे खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कदमों से ही पवित्र धार्मिक स्थलों की गरिमा बनी रह सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights