एक बाइक पर छह स्कूली छात्र, तेज रफ्तार में फर्राटा भरते वीडियो वायरल रील बनाने के चक्कर में जान जोखिम में डाल रहे छात्र, अभिभावक भी दें ध्यान
मेरठ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र से रीलबाजी के खतरनाक जुनून का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक ही बाइक पर छह स्कूली छात्र सवार होकर तेज रफ्तार में सड़क पर फर्राटा भरते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि छात्र स्कूल से लौटते समय बाइक पर खतरनाक तरीके से सवारी कर रहे थे और सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने के चक्कर में अपनी जान जोखिम में डाल रहे थे। एक बाइक पर छह छात्रों का इस तरह सवार होकर सड़क पर चलना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि किसी बड़े हादसे को भी न्योता दे सकता है।
छात्रों की यह लापरवाही उनके साथ-साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है। वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों से भी अपील है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें यातायात नियमों तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।