पटना में ADM और सब-रजिस्ट्रार के घर विजिलेंस की रेड, 70 लाख नकदी और 48 महंगी घड़ियां मिलने की सूचना आय से अधिक संपत्ति के मामले में पटना और बेगूसराय में एक साथ छापेमारी, सोने-चांदी के जेवरात और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज भी मिले

पटना। बिहार की राजधानी पटना में आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी विभाग ने ADM सप्लाई रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी कुमारी स्वीटी के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को पटना और बेगूसराय स्थित आवासों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया। कार्रवाई निगरानी थाना कांड संख्या 113/26 के तहत न्यायालय से प्राप्त सर्च वारंट के आधार पर की जा रही है।

निगरानी विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित कश्यप ग्रीन सिटी में रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी के आवास से अब तक करीब 70 लाख रुपये नकद मिलने की जानकारी सामने आई है। बरामद नोटों की गिनती के लिए मशीन मंगाई गई है। हालांकि नकदी और अन्य बरामद सामान की अंतिम मात्रा की आधिकारिक पुष्टि तलाशी पूरी होने के बाद ही होने की बात कही गई है।

बेगूसराय के पैतृक आवास से भी नकदी और जेवरात

निगरानी विभाग की एक टीम ने बेगूसराय के पोखरिया वार्ड नंबर-37 स्थित रविंद्र कुमार दिवाकर के पैतृक आवास पर भी तलाशी ली। डीएसपी वासुदेव राय के नेतृत्व में पहुंची टीम को यहां से 9 लाख रुपये से अधिक नकदी और बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण मिलने की जानकारी है।

अधिकारियों के अनुसार दोनों स्थानों पर तलाशी और बरामद सामान का मिलान करने की कार्रवाई जारी है।

48 महंगी घड़ियां मिलने की भी जानकारी

तलाशी के दौरान करीब 48 महंगी घड़ियां मिलने की बात सामने आई है। इनकी अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा सोने-चांदी के आभूषण और जमीन-जायदाद से जुड़े दस्तावेज भी जांच टीम के हाथ लगने की जानकारी है।

हालांकि निगरानी विभाग की ओर से तलाशी पूरी होने के बाद ही बरामद नकदी, आभूषण, घड़ियों और अन्य सामान की अंतिम मात्रा एवं कीमत स्पष्ट की जाएगी।

दस्तावेजों में 2.92 करोड़ रुपये से अधिक की अचल संपत्ति का ब्योरा

निगरानी विभाग से जुड़े दस्तावेजों के अनुसार जांच अवधि में रविंद्र कुमार दिवाकर, उनकी पत्नी और परिजनों के नाम दर्ज अचल संपत्तियों का कुल मूल्य करीब 2 करोड़ 92 लाख 85 हजार 900 रुपये बताया गया है।

दस्तावेजों में दानापुर के कश्यप ग्रीन होम्स में कुमारी स्वीटी के नाम फ्लैट संख्या 402 की कीमत करीब 49.34 लाख रुपये और रविंद्र कुमार दिवाकर के नाम फ्लैट संख्या 401 की कीमत करीब 45.68 लाख रुपये दर्ज होने की बात सामने आई है।

इसके अलावा फुलवारीशरीफ में दोनों के नाम करीब 3.9-3.9 डिसमिल जमीन, बलिया में 20 डिसमिल जमीन, फुलवारीशरीफ में पिता के नाम दर्ज जमीन और बेगूसराय में जमीन का भी उल्लेख दस्तावेजों में बताया गया है।

शिक्षक से शुरू हुआ था रविंद्र दिवाकर का करियर

उपलब्ध जानकारी के अनुसार रविंद्र कुमार दिवाकर ने वर्ष 2000 में शिक्षक के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह प्रशासनिक सेवा में विभिन्न पदों पर रहे। वर्ष 2009 में सारण में DPRO, 2010-11 में कटिहार में SDC, 2014 में दरभंगा में SDC, 2018 में सहरसा में PGRO, 2020 में समस्तीपुर में SDM और 2023 में गया में SDC के पद पर रहे।

वर्ष 2024 में वह पटना में SDC रहे और अक्टूबर 2025 से ADM सप्लाई के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं। उनकी पत्नी कुमारी स्वीटी 2013 बैच की सब-रजिस्ट्रार हैं और वर्ष 2024 से दानापुर में सब-रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत बताई जा रही हैं।

न्यायालय के सर्च वारंट पर चल रही कार्रवाई

निगरानी विभाग के डीएसपी वासुदेव राय के मुताबिक न्यायालय के आदेश पर सर्च वारंट के आधार पर तलाशी ली जा रही है। पटना के अलावा बेगूसराय में भी कार्रवाई जारी है। निगरानी विभाग का कहना है कि तलाशी पूरी होने के बाद बरामद संपत्ति, नकदी और अन्य सामान का विस्तृत आकलन किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights