नई सोच से नई राह, शिक्षकों ने दिखाए शिक्षा के अभिनव प्रयोग डायट में नवाचार महोत्सव का आयोजन, कक्षा-कक्ष को सरल और रुचिकर बनाने वाले प्रयोगों का हुआ प्रदर्शन


जौनपुर। बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को नई दिशा देने और शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में नवाचार महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा डायट प्रवक्ताओं ने शिक्षा को सरल, रुचिकर और प्रभावी बनाने के लिए किए जा रहे विभिन्न अभिनव प्रयोगों का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी रहीं। अध्यक्षता उप शिक्षा निदेशक एवं डायट प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार शर्मा ने की। नवाचारों के मूल्यांकन के लिए राजा श्रीकृष्ण दत्त महाविद्यालय, जौनपुर की बीएड विभागाध्यक्ष डॉ. सुनीता गुप्ता तथा राजा हरपाल सिंह महाविद्यालय, सिंगरामऊ के सीनियर असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. योगेश शर्मा निर्णायक मंडल में शामिल रहे।
डायट प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार शर्मा ने कहा कि नवाचार का मतलब केवल कोई नई वस्तु तैयार करना नहीं है, बल्कि पुरानी समस्याओं का नया समाधान तलाशना, सीमित संसाधनों में बेहतर परिणाम हासिल करना और बच्चों की जरूरत के अनुरूप शिक्षा को सरल बनाने की सोच विकसित करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के अभिनव प्रयास कक्षा-कक्ष में बच्चों की रुचि बढ़ाने के साथ शिक्षण के परिणामों को भी बेहतर बना सकते हैं।
मुख्य अतिथि सीमा द्विवेदी ने कहा कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार अभिनव कार्यों को बढ़ावा दे रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत शिक्षा को नई दिशा देने के साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेंटर ऑफ एक्सलेंस के अंतर्गत चयनित डायट जौनपुर भी इसी दिशा में किए जा रहे प्रयासों का हिस्सा है।
शिक्षकों के नवाचारों का हुआ मूल्यांकन
महोत्सव में शिक्षकों ने कक्षा-कक्ष में शिक्षण को अधिक रुचिकर और प्रभावी बनाने वाले विभिन्न नवाचार प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के प्रयोगों का अवलोकन कर उनका मूल्यांकन किया।
आयोजन का उद्देश्य शिक्षकों के अभिनव प्रयासों को मंच उपलब्ध कराना, एक-दूसरे के प्रयोगों से सीखने का अवसर देना तथा प्रभावी नवाचारों को विद्यालयों तक पहुंचाना रहा। इससे शिक्षकों के बीच नए प्रयोगों को अपनाने और साझा करने की भावना को बढ़ावा मिला।
कार्यक्रम का संचालन डायट प्रवक्ता धर्मेंद्र कुमार शर्मा ने किया। समापन अवसर पर अतिथियों, निर्णायक मंडल, शिक्षक-शिक्षिकाओं, डायट प्रवक्ताओं एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
संदेश: “नई सोच से नई राह बने, हर बच्चे का उज्ज्वल भविष्य बने।”