ATM लूटने पहुंचे दो बदमाशों को महिला बैंक मैनेजर ने ही दबोचा ई-सर्विलांस अलर्ट मिलते ही पति के साथ पहुंचीं मैनेजर, शटर गिराकर दोनों को ATM बूथ में किया बंद; पुलिस ने गैस कटर समेत दबोचा

नागौर। राजस्थान के नागौर जिले से ATM लूट की कोशिश का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मारवाड़ मूंडवा थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब दो बजे गैस कटर और अन्य औजारों से लैस दो बदमाश यूको बैंक के ATM बूथ में घुस गए। ATM में करीब 16 लाख रुपये से अधिक की नकदी मौजूद थी। इसी दौरान ई-सर्विलांस सिस्टम से अलर्ट मिलते ही बैंक की ब्रांच मैनेजर सारिका चौधरी अपने पति के साथ मौके पर पहुंच गईं।

हिम्मत दिखाकर शटर गिराया और बदमाशों को कर दिया अंदर बंद

मौके पर पहुंची सारिका चौधरी ने बिना घबराए साहस का परिचय दिया। उन्होंने ATM बूथ का शटर गिराकर दोनों बदमाशों को अंदर ही बंद कर दिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गैस कटर और लूट में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भरत प्रजापत और कोमल कुमार राजपूत के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से गैस कटर समेत ATM काटने और लूट की वारदात में इस्तेमाल होने वाले अन्य औजार बरामद किए गए हैं।

बाइक से पहुंचे थे बदमाश, मालिक से भी पूछताछ

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों बदमाश बाइक से ATM बूथ तक पहुंचे थे। पुलिस अब उस बाइक के मालिक की भूमिका की भी जांच कर रही है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के पीछे और कौन लोग शामिल थे तथा उन्होंने ATM को निशाना बनाने की योजना कैसे तैयार की थी।

महिला बैंक मैनेजर की सूझबूझ और साहस से ATM में रखी लाखों रुपये की नकदी लुटने से बच गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights