स्व. गिरिजा तिवारी के नाम पर हुआ मार्ग का नामकरण नगर पालिका सदन ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव को दी मंजूरी, सामाजिक योगदान को मिला सम्मान

जौनपुर। हुसैनाबाद वार्ड स्थित राज कॉलोनी में अरुण कुमार शुक्ला के मकान के पीछे से लाइन बाजार तक जाने वाले मार्ग का नामकरण प्रतिष्ठित समाजसेवी स्व. गिरिजा तिवारी के नाम पर किया गया है। नगर पालिका परिषद की बैठक में प्रस्तुत प्रस्ताव को सभासदों ने सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की।

मार्ग के नामकरण को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वर्तमान उपराज्यपाल, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह डॉ. दिनेश शर्मा, जफराबाद विधायक एवं पूर्व मंत्री जगदीश नारायण राय, विधान परिषद सदस्य विद्यासागर सोनकर तथा स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र के एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिन्सू’ की ओर से नगर पालिका परिषद को पत्र भेजे गए थे। नगर पालिका अध्यक्ष ने प्रस्ताव को सदन के समक्ष रखा, जिस पर सभी सभासदों ने एकमत से अपनी सहमति जताई।

समाजसेवा और सार्वजनिक जीवन में रही सक्रिय भूमिका

स्व. गिरिजा तिवारी जौनपुर की प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं सार्वजनिक जीवन में सक्रिय महिला रही हैं। उन्होंने वर्ष 1991 में मछलीशहर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ा था। समाजसेवा के क्षेत्र में उन्होंने महिला कल्याण, जनहित और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया।

उन्होंने निदेशक, महिला कल्याण निगम उत्तर प्रदेश, रेलवे उपभोक्ता सलाहकार समिति की सदस्य, दहेज उन्मूलन उत्तर प्रदेश की सदस्य तथा महिला उपभोक्ता सहकारी समिति जौनपुर की संस्थापिका के रूप में भी कार्य किया। इसके अलावा जिला परिषद, नागरिक परिषद, निःशुल्क सहायता वादकारी कमेटी सहित विभिन्न संस्थाओं में उन्होंने महत्वपूर्ण दायित्व संभाले।

तिवारी परिवार के योगदान को भी मिला सम्मान

स्व. गिरिजा तिवारी के नाम पर मार्ग का नामकरण तिवारी परिवार के लंबे सार्वजनिक एवं सामाजिक योगदान की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। इससे पूर्व उनके पौत्र डॉ. राजन तिवारी के परदादा, पूर्व विधायक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं. भगवती दीन तिवारी तथा पिता समाजसेवी पं. रत्नेश कुमार तिवारी के नाम पर भी मार्गों का नामकरण किया जा चुका है।

मार्ग का नामकरण होने की जानकारी पर डॉ. राजन तिवारी ने जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका अध्यक्ष और सभी सभासदों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव के प्रति भी विशेष आभार जताया।

डॉ. राजन तिवारी ने कहा कि स्व. गिरिजा तिवारी के सामाजिक और सार्वजनिक योगदान को सम्मान मिलना पूरे परिवार के लिए गौरव का विषय है। मार्ग का नामकरण उनकी स्मृतियों और समाज के प्रति उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights