भारत की नौसैनिक ताकत को मिली बड़ी मजबूती, लॉन्च हुआ पहला स्वदेशी फ्लीट सपोर्ट शिप ‘सूर्य’ राजनाथ सिंह ने विशाखापट्टनम में FSS-1 किया लॉन्च, 43,500 टन का जहाज समुद्र में बढ़ाएगा नौसेना की लंबी दूरी तक ऑपरेशनल क्षमता

विशाखापट्टनम। भारत की समुद्री ताकत और स्वदेशी रक्षा निर्माण को मंगलवार को बड़ी मजबूती मिली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 6 अक्टूबर 2026 को विशाखापट्टनम स्थित हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड में भारतीय नौसेना के पहले स्वदेशी फ्लीट सपोर्ट शिप FSS-1 ‘सूर्य’ को लॉन्च किया।
करीब 43,500 टन क्षमता वाला यह जहाज समुद्र में तैनात युद्धपोतों को ईंधन, अन्य आवश्यक सामग्री और लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे भारतीय नौसेना के युद्धपोत लंबे समय तक समुद्र में ऑपरेशन जारी रख सकेंगे और हिंद महासागर क्षेत्र में उनकी पहुंच तथा ऑपरेशनल एंड्योरेंस मजबूत होगी।
‘सूर्य’ पांच फ्लीट सपोर्ट शिप की श्रृंखला का पहला जहाज है। इसी कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री ने पांचवें फ्लीट सपोर्ट शिप FSS-5 की कील भी रखी। साथ ही हिंदुस्तान शिपयार्ड में अपग्रेडेड स्लिपवे-4 और 300 टन क्षमता वाले गोलियथ क्रेन का उद्घाटन किया गया।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, अपग्रेडेड स्लिपवे और नई क्रेन से शिपयार्ड में 45,000 DWT तक के बड़े जहाजों के निर्माण और लॉन्च की क्षमता बढ़ेगी। इसे भारत की स्वदेशी जहाज निर्माण क्षमता और समुद्री आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस अवसर पर भारत की जहाज निर्माण क्षमता को और मजबूत करने तथा गुणवत्ता, समय पर डिलीवरी, स्वदेशी डिजाइन और वैश्विक प्रतिस्पर्धा पर जोर दिया।