कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, तहसीलदार ने बेदखली का दिया आदेश केराकत में धारा 67 के तहत वाद निस्तारित, इस्लाम पर 5 हजार रुपये का अर्थदंड

जौनपुर। तहसील केराकत क्षेत्र के ग्राम खलियाखास में कब्रिस्तान की भूमि पर कथित अवैध कब्जे के मामले में तहसीलदार न्यायालय ने सख्त कार्रवाई करते हुए बेदखली और अर्थदंड का आदेश जारी किया है। उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता 2006 की धारा 67 के तहत निस्तारित वाद में इस्लाम पुत्र असीर को विवादित भूमि से बेदखल करने के साथ पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाने का निर्देश दिया गया है।
राजस्व निरीक्षक की रिपोर्ट के अनुसार, ग्राम खलियाखास स्थित गाटा संख्या 530ख, जिसका कुल रकबा 0.011 हेक्टेयर है, राजस्व अभिलेखों में कब्रिस्तान खाते की भूमि के रूप में दर्ज है। आरोप है कि उक्त भूमि के करीब 0.001 हेक्टेयर हिस्से पर इस्लाम पुत्र असीर, निवासी चंदवक परगना, तहसील केराकत ने अनाधिकृत कब्जा कर रखा था।
मामले में राजस्व विभाग की ओर से वाद दर्ज कर नियमानुसार नोटिस जारी किया गया और सुनवाई की प्रक्रिया अपनाई गई। न्यायालय के आदेश के अनुसार, निर्धारित तिथियों पर बार-बार बुलाए जाने के बावजूद प्रतिवादी उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद राजस्व निरीक्षक की रिपोर्ट, स्थल निरीक्षण और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर मामले का निस्तारण किया गया।
तहसीलदार सत्यपाल चौहान ने 22 सितंबर 2026 को पारित अंतिम आदेश में विवादित भूमि से प्रतिवादी को बेदखल करने तथा पांच हजार रुपये अर्थदंड वसूलने का निर्देश दिया। साथ ही आदेश के अनुपालन में आवश्यक राजस्व कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
राजस्व विभाग की इस कार्रवाई को सार्वजनिक एवं सरकारी उपयोग की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की प्रक्रिया के तहत देखा जा रहा है। कब्रिस्तान की भूमि से संबंधित मामले में जारी आदेश के बाद अब बेदखली और जुर्माने की वसूली की कार्रवाई पर नजर रहेगी।